
रामानुजगंज पुलिस ने Cyber ठगी के मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार, 3.90 लाख का हुआ खुलासा
साइबर ठगी का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रामानुजगंज। साइबर ठगी के एक बड़े मामले में रामानुजगंज पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरजपुर जिले के सिलफिली निवासी विशाल उर्फ चंद्रमणि सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

लालच देकर खुलवाए बैंक खाते
पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल लोगों को प्रति माह 5000 रुपये का लालच देकर उनके नाम पर म्यूल बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त अवैध रकम को जमा करने के लिए किया जाता था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने जसनाथ मिंज के नाम पर केनरा बैंक में एक खाता खुलवाया था, जिसमें 3,90,639 रुपये का अवैध लेनदेन हुआ था।

जसनाथ मिंज पहले ही जेल में
इस मामले में पुलिस ने पहले ही 19 जुलाई को जसनाथ मिंज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुखबिर की सूचना के आधार पर 25 अगस्त को पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल को उसके घर से धर दबोचा। दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



