
Bhilai : रकम को 100 गुना करने का झांसा देकर 3.50 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। रकम को तंत्र-मंत्र के जरिए 100 गुना करने का झांसा देकर 3 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई डीसीपी नॉर्थ जोन श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन में थाना गुढ़ियारी पुलिस द्वारा की गई। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद पश्चिम बंगाल फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

मंगल बाजार स्थित दुकान में दिया गया था ठगी को अंजाम
मामला थाना गुढ़ियारी क्षेत्र के मंगल बाजार का है, जहां प्रार्थी रूस्तम कुर्रे की दुकान में आरोपियों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी राहुल भारती ने खुद को काम की तलाश में बताया और प्रार्थी से मेलजोल बढ़ाया। इसी दौरान उसने एक तथाकथित तांत्रिक मयंक दास से मिलवाने की बात कही।
खुद को तांत्रिक बताकर किया भरोसे में लेने का प्रयास
दिनांक 6 फरवरी 2026 की शाम राहुल भारती, अपने साथी मयंक दास को लेकर प्रार्थी की दुकान पहुंचा। मयंक दास ने खुद को तांत्रिक बताया और तंत्र-मंत्र के जरिए रकम को 100 गुना करने का दावा किया। पूजा-पाठ के नाम पर प्रार्थी से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद ले लिए गए।
नकली नोटों से भरा झोला देकर हुए फरार
पूजा के बाद दोनों आरोपियों ने श्मशान की मिट्टी लाने की बात कहकर प्रार्थी को नकली नोटों से भरा झोला सौंपा और दोपहिया वाहन से मौके से फरार हो गए। काफी देर तक वापस न लौटने पर प्रार्थी को संदेह हुआ, जब झोला खोलकर देखा गया तो उसमें नकली नोट पाए गए।
पुलिस ने की सघन पतासाजी, दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त सुश्री पूर्णिमा लामा एवं थाना प्रभारी गुढ़ियारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर दोनों आरोपियों राहुल भारती एवं मयंक दास को गिरफ्तार किया।
ठगी की पूरी रकम, मोबाइल और दोपहिया वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी नगद रकम 3,50,000 रुपये, घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन एवं एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 43/26 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी
1.राहुल भारती, पिता हेमेश्वर दास, निवासी रिसाली, भिलाई
2.मयंक दास, पिता हेमेश्वर दास, निवासी रिसाली, भिलाई
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



