
हैदराबाद से सकुशल बरामद हुई लापता नाबालिग, परिजनों को सौंपा
राजनांदगांव जिले से लापता हुई एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हैदराबाद से सकुशल बरामद कर लिया है। बालिका को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
24 जुलाई को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
मामले में नाबालिग बालिका के पिता ने 24 जुलाई को बसंतपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।
अपराध दर्ज कर शुरू हुई जांच
बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू ने बताया कि शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में गुम इंसान एवं अपराध क्रमांक 327/2025 धारा 137 (2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

हैदराबाद में होने की मिली सूचना
जांच और पतासाजी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग बालिका अलमसगुडा, हैदराबाद में है। इस जानकारी के बाद थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।
विशेष टीम गठित कर भेजी गई
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम गठित कर हैदराबाद रवाना की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलमसगुडा क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी
बरामदगी के बाद बालिका को सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



