
घुमका के मोंहदी स्थित केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, लाखों की संपत्ति खाक
राजनांदगांव। जिले के घुमका क्षेत्र के मोंहदी स्थित एक केमिकल कारखाने में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग की इस घटना में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
जया केमिकल्स में अचानक उठीं लपटें
मिली जानकारी के मुताबिक घुमका के मोंहदी में स्थित जया केमिकल्स फैक्ट्री में सुबह उस समय आग की लपटें उठने लगीं, जब कर्मचारी अन्य कार्यों में व्यस्त थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया।
फैक्ट्री में केमिकल का निर्माण किया जाता है, जो अत्यधिक ज्वलनशील होता है। इसी कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

पांच दमकल वाहन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही घुमका पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए दुर्ग, राजनांदगांव और खैरागढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों से कुल पांच दमकल वाहन बुलाए गए हैं।
घुमका थाना प्रभारी विजय मिश्रा स्वयं जवानों और ग्रामीणों के साथ आग बुझाने में जुटे हुए हैं। खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।
दूर से दिखाई दे रही थीं लपटें
आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। भीषण आगजनी के चलते दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच जारी है और आग पर नियंत्रण के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
जनहानि नहीं, जांच जारी
इस हादसे में किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



