
Rajnandgaon : जिले में धर्मांतरण के बड़े नेटवर्क का खुलासा, एक आरोपी हिरासत में
अवैध आश्रम और चर्च संचालन का आरोप
राजनांदगांव जिले में कथित धर्मांतरण के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। ग्राम धर्मापुर में डेविड चाको नामक व्यक्ति पर अवैध रूप से आश्रम और चर्च संचालित करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यहां नाबालिग बच्चों को रखकर धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां चलाई जा रही थीं।
डिजिटल प्रोजेक्टर से ग्रामीणों को किया जा रहा था प्रभावित
जानकारी के अनुसार आरोपी जिले के सुदूर अंचल के गांवों में सक्रिय था, जहां बिजली की सुविधा नहीं होने के बावजूद डिजिटल प्रोजेक्टर के माध्यम से ग्रामीणों को प्रभावित किया जा रहा था। इन गतिविधियों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई थी।

विदेशी उपकरण बरामद, विदेशी फंडिंग का शक
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है। आरोपी के पास से कुछ विदेशी उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत हजारों डॉलर बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क को विदेशों से फंडिंग मिल रही थी।
राज्य के कई जिलों से जुड़े तार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस कथित नेटवर्क के तार छत्तीसगढ़ के कई जिलों से जुड़े हो सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अन्य जिलों में भी संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।
8 जनवरी की शिकायत से खुला मामला
इस पूरे मामले की शुरुआत 8 जनवरी को ग्राम धर्मापुर से मिली एक लिखित शिकायत के बाद हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक व्यक्ति अवैध रूप से आश्रम और चर्च चला रहा है, जहां नाबालिग बच्चों को रखा जा रहा है और कथित तौर पर धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल मामला लालबाग थाना क्षेत्र के सुकुलदेहन चौकी अंतर्गत दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



