
Rajnandgaon में मड़ई मेले में हिंसा: सांस्कृतिक कार्यक्रम में हंगामा रोकने पर आयोजन समिति सदस्य पर चाकू से जानलेवा हमला
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बोरतलाव थाना क्षेत्र के ग्राम बोरतलाव में आयोजित मड़ई मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में हंगामा रोकने पर एक आयोजन समिति सदस्य पर जानलेवा चाकू वार कर दिया गया। पुलिस ने घटना में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक कार भी जब्त की गई है।
मंच पर चढ़कर किया हंगामा
घटना 24 जनवरी की रात की है, जब बोरतलाव में वार्षिक मड़ई मेला चल रहा था। रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हो रही थी। बुढ़ानछापर निवासी उदय नेताम मंच पर चढ़कर हंगामा करने लगा और कार्यक्रम में बाधा डालने लगा। आयोजन समिति के सदस्य बशीर मोहम्मद ने उसे मना किया और मंच से उतरने को कहा।

उदय नेताम ने इस बात पर नाराजगी जताई और कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ वापस मौके पर पहुंच गया। आरोपियों ने बशीर मोहम्मद से मारपीट की और उसके पेट में धारदार चाकू से गंभीर वार कर दिया। पीड़ित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
7 आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला
पीड़ित की शिकायत पर बोरतलाव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मुख्य आरोपी उदय नेताम के अलावा पंकज साहू, योगेश कार्राम, विकास गोण्डाने, जाफर खान, बंटी साहू और हर्षित निषाद को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से इस्तेमाल की गई कार भी जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि विवाद छोटी-मोटी बात से शुरू होकर हिंसक रूप ले लिया।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



