
राजनांदगांव में अल्फ्राजोलम टैबलेट तस्करी का भंडाफोड़, सात आरोपियों को किया गिरफ्तार
राजनांदगांव। जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर प्रतिबंधित नशीली दवा अल्फ्राजोलम टैबलेट के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 450 नग टैबलेट बरामद की गई हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार अवैध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान 4 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि दुर्ग का एक व्यक्ति महाकाल टी स्टॉल, बायपास रोड के पास नशीली दवाइयों की बिक्री करने पहुंचा है।
बंद गुमटी के पास पकड़े गए आरोपी
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात करीब 10:30 बजे मौके पर दबिश दी। वहां एक बंद गुमटी के पास संदिग्ध हालत में खड़े सात युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 450 नग अल्फ्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं।
48 ग्राम नशीली गोलियां और नकदी जब्त
पुलिस ने बताया कि जब्त की गई अल्फ्राजोलम टैबलेट का कुल वजन 48.06 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 1350 रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा बिक्री की रकम 840 रुपए नकद भी बरामद की गई। इस तरह कुल 2190 रुपए का सामान जब्त किया गया है।
औषधि निरीक्षक ने की पुष्टि
मामले में औषधि निरीक्षक प्रवीण चौबे ने बरामद गोलियों को प्रतिबंधित नशीली श्रेणी की दवा बताया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय से भेजे गए जेल
गिरफ्तार सभी आरोपियों को 5 फरवरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
•सौरभ ध्रुव (22) – निवासी दुर्ग
•तरण सिंह (24) – निवासी राजनांदगांव
•रितेश यादव (19) – लखोली नाका, राजनांदगांव
•प्रमोद बघेल (21) – चिखली, राजनांदगांव
•रोहण गायकवाड़ (22) – चिखली, राजनांदगांव
•प्रियांशु चौहान (22) – चिखली, राजनांदगांव
•तारेश सिन्हा (19) – लखोली नाका, राजनांदगांव
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇



