
राजनांदगांव में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, भाजपा नेता सहित दो गिरफ्तार
जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। डोंगरगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने भाजपा युवा मोर्चा के जिला सोशल मीडिया प्रभारी को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई।

ग्राम राजगुंजनी में दबिश, 69 पाव शराब जब्त
डोंगरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम राजगुंजनी में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी। मौके से राजीव गिरी गोस्वामी उर्फ राजू गिरी गोस्वामी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 69 पाव देसी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से इलाके में अवैध शराब बेचने का काम कर रहा था, जिससे स्थानीय महिलाएं काफी परेशान थीं।
महिलाओं ने पुलिस का जताया आभार
इस कार्रवाई के बाद गांव की महिलाओं ने डोंगरगांव पुलिस का आभार व्यक्त किया। महिलाओं का कहना है कि अवैध शराब की वजह से गांव का माहौल खराब हो रहा था और आए दिन विवाद की स्थिति बनती थी।
दूसरी कार्रवाई में 35 पाव शराब के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार
इसी दिन ग्राम साल्हे मार्ग पर की गई एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने नुतन कुमार सिन्हा को 35 पाव देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया।

कुल 104 पाव शराब जब्त, आबकारी अधिनियम में केस दर्ज
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 104 पाव (18.720 बल्क लीटर) अवैध देसी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 8,320 रुपए बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



