
Rajasthan : मकान की छत पर ड्रम में मिला युवक का शव, पत्नी और तीन बच्चे गायब
राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। किशनगढ़ बास स्थित आदर्श कॉलोनी के एक किराए के मकान की छत पर नीले ड्रम में युवक का शव मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के मूल निवासी हंसराम उर्फ सूरज के रूप में हुई है, जो पिछले डेढ़ महीने से अपनी पत्नी सुनीता और तीन बच्चों के साथ इस इलाके में रह रहा था।

शव की हालत और जांच
पड़ोसियों द्वारा घर से बदबू आने की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि युवक के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था। शव जल्दी सड़ने लगे, इसके लिए उस पर नमक भी छिड़का गया था।
फिलहाल मृतक की पत्नी और तीनों बच्चे पिछले शनिवार से लापता हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।

पुलिस की कार्रवाई और बयान
डीएसपी राजेंद्र सिंह निर्वाण ने बताया कि मृतक शराब का आदी था और ईंट भट्टे पर काम करता था। घटना के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पूरे मामले की छानबीन जारी है। पुलिस ने गुमशुदा बरामदगी और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच प्रारंभ कर दी है। क्षेत्र में दहशत के माहौल के बीच, सवाल उठ रहे हैं कि हंसराम की हत्या के पीछे कौन है और उसकी पत्नी व बच्चे कहां गए।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



