
Raigarh: अवैध महुआ शराब भट्टी ध्वस्त, माफियाओं में हड़कंप
रायगढ़। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुसौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ग्राम टपरदा के बाहर खेत में संचालित अवैध महुआ शराब भट्ठी का पूरी तरह नष्टकरण कर दिया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई।

मुखबिर सूचना पर त्वरित दबिश
थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टपरदा के बाहर खेत में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार की जा रही है और भट्ठियां लगाई गई हैं। सूचना की गंभीरता को समझते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत टीम गठित की, जिसमें उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक धनुरजय बेहरा, विजय कुशवाहा, ठंडार राम गुप्ता, खिरोद भोय और महिला आरक्षक सुमन बारेठा शामिल थे। टीम ने सुबह मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
भट्टी नष्ट, बड़ी मात्रा में महुआ पासा जब्त
पुलिस पहुंचते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर अवैध महुआ शराब भट्ठियां पूरी तरह ध्वस्त कर दी गईं। करीब 70-80 प्लास्टिक डिब्बों और बोरियों में भरा महुआ पासा मौके पर ही नष्ट किया गया। बड़ी मात्रा में महुआ पासा मिलने से पता चलता है कि यहां लंबे समय से अवैध शराब का उत्पादन हो रहा था।
गांव वासियों को सख्त चेतावनी
कार्रवाई के बाद पुलिस ने गांव में मुनादी कराई और ग्रामीणों को अवैध शराब बनाने, बेचने या परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस ने अपील की कि ऐसे अवैध कार्यों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब कानून का उल्लंघन है और इससे सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा होती हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



