
Raipur: 7 साल से इंतजार, अब सड़कों पर संघर्ष
CAF वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थियों का गृहमंत्री बंगले पर हंगामा, पुलिस से हुई तीखी नोंक-झोंक
रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्स (CAF) में वर्ष 2018 में 1786 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हुई थी, लेकिन इस भर्ती की वेटिंग लिस्ट में शामिल करीब 417 अभ्यर्थियों को आज तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। हैरानी की बात यह है कि CAF में वर्तमान में 3 हजार से अधिक पद खाली हैं, इसके बावजूद वेटिंग लिस्ट के उम्मीदवार पिछले 7 साल से नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।

उम्मीद में बीते 7 साल, अब टूटी आस
वेटिंग लिस्ट में शामिल कई उम्मीदवार इतने लंबे इंतजार से निराश होकर दूसरा करियर विकल्प चुन चुके हैं, जबकि कुछ अभ्यर्थी अब भी नौकरी की आस में लगातार सरकारी दफ्तरों और मंत्रियों के बंगलों के चक्कर काट रहे हैं। बीते एक महीने से ये उम्मीदवार अपने परिवार और बच्चों के साथ तूता धरना स्थल पर डटे हुए हैं।
चौथी बार गृहमंत्री के बंगले पर पहुंचे अभ्यर्थी
मंगलवार को CAF के वेटिंग लिस्ट अभ्यर्थी चौथी बार अपनी मांगों को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले पर पहुंचे। इस दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोंक-झोंक देखने को मिली। अभ्यर्थियों ने गृहमंत्री के बंगले का घेराव कर मुलाकात और ठोस चर्चा की मांग की।
महिलाओं-बच्चों पर जोर-जबरदस्ती का आरोप
अभ्यर्थियों को हटाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची, जिस पर प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं और बच्चों पर जोर-जबरदस्ती करने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि जब तक गृहमंत्री से सीधी मुलाकात नहीं होगी, वे वहां से हटने वाले नहीं हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



