
Raipur : बिरयानी ऑर्डर न लेने पर जोमैटो डिलीवरी बॉय ने दी जान से मारने की धमकी
राजधानी रायपुर में जोमैटो डिलीवरी बॉय की दबंगई का मामला सामने आया है। बिरयानी का ऑर्डर लेने से मना करने पर डिलीवरी बॉय ने एक ठेकेदार को फोन पर गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने पीड़ित को करीब 6 बार कॉल कर विवाद किया, जिससे परेशान होकर पीड़ित को थाने का रुख करना पड़ा।

अज्ञात नंबर से आया कॉल, ऑर्डर से किया इनकार
पीड़ित ठेकेदार ललित प्रजापति ने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उसे लगातार 3-4 कॉल आए। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को जोमैटो डिलीवरी बॉय बताते हुए कहा कि आपके नाम से बिरयानी का ऑर्डर है।
दुकान के बाहर दोबारा कॉल, स्पीकर पर की बदसलूकी
ठेकेदार ने स्पष्ट रूप से बताया कि उसने कोई ऑर्डर नहीं किया है और कॉल काट दी। कुछ समय बाद जब वह चाहत मेडिकल स्टोर के बाहर सामान खरीद रहा था, तभी उसी नंबर से दोबारा कॉल आया। भुगतान करते समय उसने अपने परिचित दीपक ग्वाल से फोन स्पीकर पर उठाने को कहा।

घर में घुसकर मारने की दी धमकी
फोन स्पीकर पर बात करते ही डिलीवरी बॉय ने फिर से ऑर्डर की बात दोहराई। मना करने पर वह भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। यही नहीं, आरोपी ने घर में घुसकर जान से मारने की धमकी भी दी।
सिविल लाइन थाने में दर्ज हुई शिकायत
घटना से डरे ठेकेदार ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश
सिविल लाइन पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी जोमैटो डिलीवरी बॉय की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



