
Raipur में हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर फिर से पुलिस के हत्थे चढ़े
2019 के पुराने मामले में स्थायी वारंट पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर रोहित तोमर को कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वर्ष 2019 में दर्ज एक पुराने आपराधिक मामले में अदालत द्वारा जारी स्थायी वारंट के आधार पर की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

मारपीट, वसूली और हत्या जैसे दो दर्जन से अधिक गंभीर अपराध
रोहित तोमर और उसके भाई वीरेंद्र तोमर पर रायपुर में मारपीट, अवैध वसूली (सूदखोरी), दुष्कर्म और हत्या जैसे करीब दो दर्जन संगीन अपराध दर्ज हैं। वर्ष 2013 के एक हत्या मामले में दोनों भाइयों की हाईकोर्ट में दायर रिव्यू पिटीशन भी खारिज हो चुकी है। सूदखोरी की लगातार शिकायतों के चलते रायपुर पुलिस ने दोनों के खिलाफ कई अलग-अलग मामले दर्ज किए थे। कार्रवाई के दौरान दोनों फरार हो गए थे, जिसमें वीरेंद्र तोमर को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि रोहित पर 5,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली, लेकिन पेशी में गैरहाजिरी पर वारंट
रोहित तोमर को कुछ मामलों में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली हुई थी, लेकिन 2019 के कोतवाली थाने में दर्ज मामले (धारा 327, 384 और 506) में वह कोर्ट की पेशी पर हाजिर नहीं हुआ। यह मामला जान से मारने की धमकी, मारपीट और प्रताड़ना से जुड़ा था। आरोपी की लगातार अनुपस्थिति के कारण अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी कर दिया था।
डीसीपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों पर सख्त नजर
डीसीपी उमेश गुप्ता ने वारंट की समीक्षा की और एसीपी दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए रोहित तोमर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की ओर से हिस्ट्रीशीटरों और वारंटियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि ऐसे अपराधियों पर लगाम लगाई जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



