
Raipur:ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल चोरी के शातिर चोर गिरफ्तार, 20 लाख से अधिक का माल बरामद
कबीर नगर और अन्य क्षेत्रों में दी थी चोरी की वारदातों को अंजाम
रायपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में दो शातिर चोरों, मुकेश साहू और हरजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कबीर नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था।

चोरी के 4 ट्रैक्टर, 2 ट्रॉली और 7 मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 ट्रैक्टर, 2 ट्रॉली और 7 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 20,70,000 रुपये है। इनके खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 205/25, धारा 331(4), 305(ए), 317(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चोरी की शिकायत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
चंद्रकेश सिंह, निवासी वीर सावरकर नगर, हीरापुर, रायपुर ने थाना कबीर नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 सितंबर 2025 को उनका स्वराज 735 ट्रैक्टर (क्रमांक CG 04 PC-5068) और ट्रॉली, जिसे ड्राइवर रमेश पटेल ने अजय सोनकर के घर के पास खड़ा किया था, अगली सुबह गायब मिला। गेट का ताला टूटा हुआ था, जिसके बाद अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) श्री दौलत राम पोर्ते और नगर पुलिस अधीक्षक (आजाद चौक) श्री ईशु अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुनील दास के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के साथ ही मुखबिरों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया। मुखबिर की सूचना पर मुकेश साहू को वेदांत वाटिका के पास चोरी के ट्रैक्टर के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने साथी हरजीत सिंह उर्फ रिंकू के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।
मुकेश ने बताया कि उसने 4 ट्रैक्टर और 7 मोटरसाइकिल चुराई थीं, जिनमें से 3 ट्रैक्टर और 4 मोटरसाइकिल हरजीत सिंह को बेची गई थीं। एक ट्रैक्टर और 3 मोटरसाइकिल को उसने अपने घर में छुपा रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। इसके बाद हरजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बाकी सामान जप्त किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- मुकेश साहू: पिता दीपक साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खपराडीह, थाना भाटापारा ग्रामीण, जिला बलौदा बाजार। हाल पता: हीरापुर, सरकारी स्कूल के पीछे, राम मंदिर के पास, किराए का मकान, थाना कबीर नगर, रायपुर।
- हरजीत सिंह उर्फ रिंकू: पिता गुरमेल सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी तांडीउड़मुड़, थाना टांडा, जिला होशियारपुर, पंजाब। हाल पता: खारून ग्रीन कॉलोनी, मकान नंबर 51, कुम्हारी, थाना कुम्हारी, जिला दुर्ग, छ.ग.
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



