
Raipur में गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला: व्हाट्सएप ग्रुप मैसेज पर सोसायटी में हिंसक झड़प
रायपुर (छत्तीसगढ़): राजधानी रायपुर में खुलेआम गुंडागर्दी और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। मुजगहन थाना क्षेत्र की एक रिहायशी सोसायटी में व्हाट्सएप ग्रुप में किए गए मैसेज को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोपियों ने न केवल पुरुषों बल्कि महिलाओं के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की।
व्हाट्सएप ग्रुप विवाद बना हिंसा का कारण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोसायटी के व्हाट्सएप ग्रुप में किसी मुद्दे पर मैसेज पोस्ट किए गए थे, जिस पर राहुल जैन और उसके साथियों ने आपत्ति जताई। पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसा में बदल गई। राहुल जैन अपने कई युवक साथियों को लेकर सोसायटी पहुंचा और रहवासियों पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू की। जब महिलाओं ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी हाथापाई और बदसलूकी की गई।

गार्ड रूम में तोड़फोड़, इलाके में दहशत
घटना के दौरान सोसायटी के गार्ड और सुरक्षा व्यवस्था को भी निशाना बनाया गया। हमलावरों ने गार्ड रूम में तोड़फोड़ की और वहां रखे सामान को नुकसान पहुंचाया। पूरी घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मारपीट, धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।
रहवासियों में आक्रोश, पुलिस ने दर्ज की FIR
सोसायटी के रहवासियों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि राजधानी जैसे शहर में इस तरह की गुंडागर्दी कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। पीड़ितों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। मुजगहन थाना पुलिस ने शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने वीडियो फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई होगी। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी। फिलहाल सोसायटी में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी गई ।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



