
रायपुर रेलवे स्टेशन पर नेपाल से तस्करी का गांजा जब्त, बिहार का युवक गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी गांजा जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो नशे की हालत में रायपुर पहुंचा था। जब्त किए गए गांजे की कीमत लगभग 3.84 लाख रुपये आंकी गई है।
संदिग्ध युवक की तलाशी में मिला गांजा
महानिरीक्षक एवं प्रमुसुआयुक्त रेलवे सुरक्षा बल, बिलासपुर के निर्देश पर RPF की क्राइम ब्रांच विंग और आबकारी विभाग की टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक निशा भोईर, सहायक उपनिरीक्षक B.R. साहू और आबकारी निरीक्षक वैभव मित्तल की टीम ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। युवक के पास मौजूद दो बैगों की तलाशी लेने पर 15.370 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे 15 पैकेटों में पैक किया गया था।

बिहार का युवक नशे में गलत स्टेशन पर उतरा
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान हरिओम मिश्रा (20 वर्ष), निवासी सुगांव, थाना सुगोली, जिला मोतिहारी, बिहार के रूप में बताई। उसने खुलासा किया कि वह साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन से पटना से बिलासपुर जा रहा था, लेकिन शराब के नशे में वह रायपुर रेलवे स्टेशन पर ही उतर गया। नशे की हालत के कारण उसे स्टेशन बदलने का पता नहीं चला, जिसके बाद वह चेकिंग के दौरान पकड़ा गया।
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
जब्त किए गए गांजे और गिरफ्तार युवक के खिलाफ आबकारी विभाग, वृत्त गंज, रायपुर ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ब) के तहत अपराध क्रमांक 113/2025 दर्ज किया है। मामले की जांच अभी जारी है और तस्करी के इस नेटवर्क के अन्य कनेक्शनों का पता लगाने के लिए गहन छानबीन की जा रही है।
तस्करी पर सख्ती बढ़ाने का संदेश
यह कार्रवाई रायपुर रेलवे स्टेशन पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। आरपीएफ और आबकारी विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से नशे की तस्करी करने वालों को सख्त संदेश दिया गया है कि अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



