
रायपुर पुलिस की सख्ती: गुंडा निगरानी बदमाशों पर कसा शिकंजा
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त रायपुर के निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त पश्चिम (डीसीपी वेस्ट) श्री संदीप कुमार पटेल एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में गुंडा निगरानी बदमाशों के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया गया।
9 थाना क्षेत्रों के बदमाशों की कराई गई परेड
अभियान के तहत डीसीपी पश्चिम क्षेत्र के 9 थाना क्षेत्रों—अमानाका, कबीर नगर, सरस्वती नगर, आजाद चौक, डीडी नगर, पुरानी बस्ती, टिकरापारा, राजेंद्र नगर एवं मुजगहां—के कुल 149 गुंडा निगरानी बदमाशों को अनिवार्य रूप से थानों में तलब किया गया। इसके बाद थाना आजाद चौक परिसर में उनकी परेड कराई गई।
अंतिम चेतावनी, दोबारा अपराध पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
परेड के दौरान डीसीपी वेस्ट द्वारा सभी बदमाशों को कड़ी और अंतिम चेतावनी दी गई। उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि भविष्य में यदि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक, अवैधानिक अथवा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए, तो उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसमें गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई एवं गुंडा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया जाना शामिल होगा।
39 बदमाशों पर बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई
अभियान के दौरान 39 बदमाशों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के अंतर्गत तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी राहत
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शांति व्यवस्था भंग करने वाले, कानून से खिलवाड़ करने वाले एवं आम नागरिकों में भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे असामाजिक तत्वों पर पुलिस की सतत और सख्त निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



