
रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 करोड़ रुपये की हेरोईन बरामद
अंतर्राष्ट्रीय तस्करों सहित 09 गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने पंजाब के मुख्य अंतर्राष्ट्रीय तस्कर लवजीत सिंह उर्फ बंटी सहित स्थानीय नेटवर्क के 09 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्यवाही पाकिस्तान से पंजाब के रास्ते ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
412 ग्राम हेरोईन जप्त
पुलिस ने इस ऑपरेशन में 01 करोड़ रुपये मूल्य की 412.87 ग्राम हेरोईन बरामद की है। इसके साथ ही विभिन्न मोबाइल फोन, एक क्रेटा कार (सीजी 04 क्यूएच 7491), तौल मशीन, सिल्वर रोल पेपर, जला हुआ नोट, एटीएम कार्ड और चेक बुक भी जप्त किए गए।

पाकिस्तान से सप्लाई के साक्ष्य
पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जो दर्शाते हैं कि मुख्य आरोपी लवजीत सिंह पाकिस्तान से ड्रग्स प्राप्त कर भारत में सप्लाई करता था। तस्कर जांच एजेंसियों से बचने के लिए अंतर्राष्ट्रीय नंबरों से नेट कॉलिंग का उपयोग कर रहे थे।
वीडियो और लोकेशन शेयरिंग से ड्रग्स सप्लाई
तस्करों द्वारा ग्राहकों को हेरोईन उपलब्ध कराने के लिए वीडियो और लोकेशन शेयरिंग का उपयोग किया जा रहा था। यह आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग तस्करी को और जटिल बना रहा था।
करोड़ों के ट्रांजैक्शन का खुलासा
प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये के लेन-देन का पता चला है। तस्करों द्वारा पैसे के लेन-देन के लिए म्यूल एकाउंट्स का उपयोग किया जा रहा था, जिससे उनकी गतिविधियों को ट्रैक करना मुश्किल हो रहा था।
कमल विहार में सप्लाई नेटवर्क का हब
थाना टिकरापारा क्षेत्र के कमल विहार सेक्टर 04 में आरोपी सुवित श्रीवास्तव के मकान को तस्करी नेटवर्क का मुख्य केंद्र बनाया गया था। यहीं से ड्रग्स की सप्लाई और वितरण का संचालन हो रहा था।
मुख्य सरगना और स्थानीय नेटवर्क
मुख्य सप्लायर लवजीत सिंह उर्फ बंटी पंजाब के गुरदासपुर का निवासी है, जबकि रायपुर में नेटवर्क का संचालन सुवित श्रीवास्तव कर रहा था। अन्य आरोपियों में अश्वन चंद्रवंशी, लक्ष्य परिफल राघव, अनिकेत मालाधरे, मनोज सेठ, मुकेश सिंह, जुनैद खान उर्फ सैफ चिला और राजविंदर सिंह उर्फ राजू शामिल हैं।
कानूनी कार्यवाही
आरोपियों के खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 600/25 के तहत एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में गहन जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



