
Raipur पुलिस की बड़ी कामयाबी, लूट की वारदात में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर नंदन राय भी पकड़ा गया
रायपुर। राजधानी पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर नंदन राय उर्फ नंदा भी शामिल है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक एक्ट और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों के आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
नकदी, वाहन चाबी और हथौड़ी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,200 रुपये नगद, हाईवा वाहन की चाबी और वारदात में उपयोग की गई हथौड़ी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी घटना के बाद इलाके में छिपने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तकनीकी निगरानी और मुखबिर सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

इस तरह दिया था वारदात को अंजाम
थाना देवेन्द्र नगर में प्रार्थी ढालेन्द्र कुमार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 नवंबर 2025 की रात करीब 12:10 बजे वे अपने हाईवा ट्रक में रेत भरकर पंडरी के पास दुर्गा नगर में खाली करने पहुंचे थे। उसी दौरान तीन युवक मौके पर पहुंचे और किसी बात को लेकर प्रार्थी व उसके कंडक्टर से अश्लील गाली-गलौज करने लगे।
इसके बाद आरोपी ट्रक में घुस गए, चाबी निकाल ली और दोनों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने वाहन में रखी नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने हथौड़ी से हमला कर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने खोला आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
मुख्य आरोपी नंदन राय का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कई संगीन मामलों में पहले भी जेल जा चुका है, और अवैध गतिविधियों में उसकी सक्रियता बनी हुई थी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



