
Raipur पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हेरोईन का अंतरराज्यीय Syndicate ध्वस्त, 6 आरोपी गिरफ्तार
राजधानी रायपुर की पुलिस ने नशे के काले कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए हेरोईन के एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने मुख्य सप्लायर मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 273.19 ग्राम हेरोईन बरामद की गई, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 57 लाख रुपये आंकी गई है।
कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना कबीर नगर क्षेत्र के हीरापुर में वेदांत वाटिका के पास एक युवक हेरोईन बेचने की फिराक में है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना कबीर नगर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू को रंगे हाथों धर दबोचा। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह पंजाब के एक तस्कर से हेरोईन प्राप्त करता था और उसे स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर विजय मोटवानी और भूषण शर्मा को सप्लाई करता था।

गिरोह का मॉडस ऑपरेंडी
जांच में सामने आया कि यह गिरोह अत्याधुनिक तरीकों से काम करता था। वीडियो कॉल और लोकेशन शेयरिंग के जरिए माल की सप्लाई की जाती थी। डिस्ट्रीब्यूटर्स शहर में घूम-घूमकर नशे का कारोबार करते थे। विजय मोटवानी दोपहिया वाहन के जरिए हेरोईन की खेप को विभिन्न स्थानों पर खपाता था। यह संगठित गिरोह व्यवस्थित रूप से नशे का जाल फैलाने में जुटा था।

एकसाथ दबिश और गिरफ्तारियां
पुलिस की विशेष टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी कर मनमोहन सिंह संधू, उनकी पत्नी जसप्रीत कौर, विजय मोटवानी, नितिन पटेल और दिव्या जैन को गिरफ्तार किया। इनके पास से 273.19 ग्राम हेरोईन, 5 मोबाइल फोन और 1 दोपहिया वाहन बरामद किया गया। वहीं, अलग मामले में भूषण शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने जग्गू से माल लेकर बेचने की बात कबूली।
दर्ज अपराध
आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 183/25, धारा 21B, 21C, 29 एनडीपीएस एक्ट और 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। भूषण शर्मा के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 165/25, धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
अब तक की पुलिस कार्रवाई
रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए अब तक विभिन्न मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लगभग 1.57 करोड़ रुपये की हेरोईन जब्त की है। यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर लगाम लगाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों की सराहनीय पहल
आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के कड़े निर्देशों और निगरानी के कारण यह बड़ी कार्रवाई संभव हो पाई। उनकी देखरेख में पुलिस ने नशे के सप्लायरों से लेकर स्थानीय नेटवर्क तक को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी
मनमोहन सिंह संधू उर्फ जग्गू (30 वर्ष), निवासी हीरापुर, रायपुर
विजय मोटवानी उर्फ अमन (23 वर्ष), निवासी हीरापुर, रायपुर
दिव्या जैन (24 वर्ष), निवासी आरडीए कॉलोनी, हीरापुर, रायपुर
नितिन पटेल (19 वर्ष), निवासी रीवा (मप्र), वर्तमान में हीरापुर, रायपुर
जसप्रीत कौर उर्फ बॉबी (25 वर्ष), पत्नी मनमोहन सिंह संधू, हीरापुर, रायपुर
भूषण शर्मा उर्फ सूरज (30 वर्ष), निवासी टाटीबंध, रायपुर
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



