
रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब तस्करी के फरार आरोपी शिवशंकर राजपूत गिरफ्तार
20 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित अवैध शराब और दो वाहनों सहित 17 लाख रुपये का माल जप्त
रायपुर, 13 जुलाई 2025: रायपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी शिवशंकर राजपूत उर्फ सोनू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस प्रकरण में पहले से ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने चंदनीडीह ओव्हरब्रीज के पास रंगे हाथों आरोपियों को पकड़ा, जिनके कब्जे से 20 पेटी (240 बोतल) मध्यप्रदेश निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब, दो चारपहिया वाहन (क्रेटा CG/04/NL/6526 और स्विफ्ट डिजायर CG/04/PT/7788) और पांच मोबाइल फोन जप्त किए गए। जप्त माल की कुल कीमत लगभग 17 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा, रायपुर रेंज, और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर रायपुर पुलिस ने अन्य राज्यों से अवैध शराब की तस्करी रोकने और इसके अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। इसी क्रम में 6 और 7 जुलाई 2025 की रात को थाना आमानाका और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की संयुक्त टीम ने चंदनीडीह ओव्हरब्रीज पर छापेमारी कर तीन आरोपियों—भावेश उर्फ लाला पांडे, सुजीत तिवारी उर्फ लाला, और दीपेश भंसाली उर्फ दीपू—को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से अवैध शराब और वाहन जप्त किए गए थे।

इस प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिवशंकर राजपूत उर्फ सोनू (32 वर्ष, निवासी टिचर्स कॉलोनी, कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर) की तलाश में पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। सूचना के आधार पर एसीसीयू और थाना आमानाका की संयुक्त टीम ने उसे रायपुर में धर दबोचा। प्रकरण में अब तक कुल चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपियों के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 219/25, धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आमानाका निरीक्षक सुधांशु बघेल, एसीसीयू के उपनिरीक्षक सतीश कुमार पुरिया, प्रधान आरक्षक कुलदीप द्विवेदी, आरक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह, संदीप सिंह, अविनाश देवांगन और हिमांशु राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई को और तेज करने का संकल्प लिया है, ताकि इस तरह के अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



