
Raipur: Nude Party के प्रचार-प्रसार के मामले में मध्य प्रदेश का अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। रायपुर पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए न्यूड पार्टी के प्रचार-प्रसार के आरोप में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजूरी निवासी आदर्श अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, विशेष रूप से इंस्टाग्राम पर ‘sinful_writer1’ नामक आईडी के जरिए रायपुर में न्यूड पार्टी के लिए जोड़ों और लड़कियों को आमंत्रित करने का कार्य किया था। पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

न्यूड पार्टी का सोशल मीडिया पर प्रचार
पुलिस को 13 सितंबर 2025 को सूचना मिली थी कि ‘sinful_writer1’ नामक इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से रायपुर में न्यूड पार्टी का आयोजन और प्रचार किया जा रहा है। इस आईडी के संचालक द्वारा जोड़ों और लड़कियों को पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा था। सूचना के आधार पर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 593/25 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 4 स्त्री अश्लील रूपण प्रतिषेध अधिनियम, धारा 67 आईटी एक्ट और धारा 79 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम श्री संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक क्राइम श्री संजय सिंह, प्रभारी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना प्रभारी तेलीबांधा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साइबर विंग की टीम ने सोशल मीडिया एनालिसिस के जरिए इंस्टाग्राम आईडी ‘sinful_writer1’ का विश्लेषण किया और आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजूरी निवासी आदर्श अग्रवाल के रूप में की।
आरोपी गिरफ्तार, एक अन्य की तलाश जारी
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मध्य प्रदेश के बिजूरी पहुंचकर आरोपी आदर्श अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक आईफोन भी जप्त किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले की गहन जांच के लिए आदर्श अग्रवाल को पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि अन्य तथ्यों और संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
- नाम: आदर्श अग्रवाल, पिता दिनेश कुमार अग्रवाल
- उम्र: 20 वर्ष
- निवास: रेलवे फाटक रोड, अम्बिका लॉज के पास, बिजूरी, थाना बिजूरी, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश)
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



