
नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, शादीशुदा युवक गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा युवक द्वारा नाबालिग लड़की को हवस का शिकार बनाने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, जिसके बाद पीड़िता सात माह की गर्भवती हो गई। इस घटना की जानकारी परिजनों को तब हुई, जब लड़की का पेट बड़ा होने पर उन्होंने उससे पूछताछ की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

महाशिवरात्रि की रात को दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, यह घटना ग्राम हसदा नंबर 02 में हुई, जहां का निवासी राधेलाल पिता महेश यादव (22 वर्ष), जो पहले से शादीशुदा है, ने महाशिवरात्रि की रात एक नाबालिग लड़की को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। डर और शर्मिंदगी के कारण पीड़िता ने इस घटना को सात महीने तक छिपाए रखा और किसी को कुछ नहीं बताया।

गर्भवती होने पर खुला राज
लड़की का पेट बढ़ने पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने उससे सख्ती से पूछताछ की। डरी-सहमी नाबालिग ने आखिरकार पूरी घटना अपने परिजनों को बता दी। यह सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए और तुरंत गोबरा नवापारा थाने पहुंचकर आरोपी राधेलाल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी राधेलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है, और पुलिस पीड़िता के बयान व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



