March 2, 2026
रायपुर: नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2600 गोगो पेपर सहित प्रतिबंधित सामग्री जप्त

रायपुर: नशे के खिलाफ रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2600 गोगो पेपर सहित प्रतिबंधित सामग्री जप्त

Jun 26, 2025

रायपुर, 26 जून 2025: रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर भर में सघन छापेमारी की। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच ने शहर के ठेलों, गुमटियों और सड़क किनारे लगने वाली दुकानों पर नशीली सामग्रियों की बिक्री के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की। इस अभियान में गोगो पेपर, चिलम, ई-सिगरेट, प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर, गुटखा, गांजा और सिगरेट जैसी सामग्रियों पर नकेल कसी गई।

200 से अधिक ठेलों की जांच
क्राइम ब्रांच की 20 से अधिक टीमों ने राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती, टिकरापारा, सिविल लाइन, माना, गुढ़ियारी, उरला, देवेंद्र नगर, पंडरी, खम्हारडीह, खमतराई, आजाद चौक और सरस्वती नगर जैसे इलाकों में करीब 200 ठेलों, गुमटियों और सड़क किनारे की दुकानों की सघन जांच की। इस दौरान 2600 गोगो पेपर, 400 रोल पेपर, 550 चिलम, 10 पैकेट प्रतिबंधित हुक्का फ्लेवर, 25 नग हुक्का सामग्री, 4 पैकेट प्रतिबंधित सिगरेट, 4 सिगार और 200 पाउच प्रतिबंधित गुटखा जप्त किया गया। गोगो पेपर, रोल पेपर और गुटखा को मौके पर ही नष्ट कराया गया, साथ ही चिलम को भी तोड़ा गया।

के.के. ट्रेडर्स पर छापा
क्राइम ब्रांच ने शंकर नगर स्थित गोगो पेपर के डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर के.के. ट्रेडर्स के गोदाम पर छापेमारी कर लगभग 6000 गोगो पेपर जप्त किए। संचालक और अन्य के खिलाफ संबंधित थाने में वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई है।

11 लोगों के खिलाफ कार्रवाई
छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित सामग्री बेचने वाले लगभग 11 व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित थानों में कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, प्रतिबंधित हुक्का सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। ऐसे ठेलों, गुमटियों और दुकानों को बंद करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पुलिस का अभियान जारी रहेगा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संजय सिंह और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशीली सामग्रियों की बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनता से सहयोग की अपील
रायपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशीली सामग्रियों, गोगो पेपर, चिलम, प्रतिबंधित हुक्का सामग्री, सिगरेट या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री की जानकारी मोबाइल नंबर 94792-16156, 94792-11933 या 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

रायपुर पुलिस का यह अभियान नशे के खिलाफ जंग में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके तहत शहर को नशामुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix