
Chhattisgarh : रायपुर में पटाखा फोड़ने के विवाद में हाफ़ मर्डर
रायपुर में पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना हुई है। पांच दोस्तों ने मिलकर दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए है। जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता संजू दीढ़ी अपने दोस्त मुकेश साहू उर्फ बबलू के साथ रात 8 बजे शीतला तालाब तेलीबांधा के पास पटाखे फोड़ रहा था। इस दौरान करण निषाद ने दोनों से कहा कि दूर जाकर पटाखे फोड़ो और विवाद करने लगा। गाली-गलौज की स्थिति बनने पर संजू के भाई अशोक दीढ़ी और चचेरे भाई गोलू ने बीच-बचाव किया, तब करण निषाद ने बाद में देख लूंगा कहकर मौके से चला गया।
3 घंटे बाद वापस आकर किया अटैक
करीब तीन घंटे बाद रात 11.30 बजे संजू दीढ़ी और मुकेश साहू पास के ही किराना स्टोर्स के पास बातचीत कर रहे थे, तभी करण निषाद अपने साथियों मनीष निषाद, जयंत निषाद, राकेश निषाद और अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। उन्होंने दोनों को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में संजू दीढ़ी को पीठ में और मुकेश साहू को पेट में गंभीर चोट आई हैं। मुकेश साहू लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी वहां से भाग निकले। घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां संजू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि मुकेश साहू का इलाज जारी है।

मुख्य आरोपी फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चाकूबाजी में शामिल आरोपी जयंत निषाद, करण निषाद, राकेश निषाद और भूपेंद्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मुख्य आरोपी मनीष निषाद घटना के बाद से फरार है, पुलिस इसकी तलाश कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



