March 2, 2026
रायपुर में जानलेवा हमला और लूट के फरार आरोपी दम्पति गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर मुस्कान रात्रे सहित प्रियेश यदु पकड़े गए

रायपुर में जानलेवा हमला और लूट के फरार आरोपी दम्पति गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर मुस्कान रात्रे सहित प्रियेश यदु पकड़े गए

Jul 2, 2025

रायपुर, 2 जुलाई , 2025:

रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले फरार आरोपी दम्पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना कबीर नगर, जी.आर.पी. रायपुर और आर.पी.एफ. नागपुर की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी दम्पति प्रियेश यदु उर्फ प्रिंस और मुस्कान रात्रे उर्फ यदु को नागपुर (महाराष्ट्र) से हिरासत में लिया गया। महिला आरोपी मुस्कान रात्रे थाना मौदहापारा की हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

घटना का विवरण
प्रार्थी गजेंद्र यदु ने थाना कबीर नगर में शिकायत दर्ज की थी कि 12 जून 2025 को रात करीब 8:30 बजे, वह हीरापुर के यदुवंशी चौक के पास अपनी एक्टिवा वाहन पर बैठा था। तभी अजय यदु उर्फ राजा, प्रियेश यदु उर्फ प्रिंस, और मुस्कान रात्रे मोटरसाइकिल से आए और पुरानी रंजिश के चलते उसे घेर लिया। तीनों ने प्रार्थी पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और हत्या के इरादे से चाकू व कड़े से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। इसके बाद आरोपियों ने प्रार्थी की जेब से मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, और वोटर आईडी लूटकर फरार हो गए। इस शिकायत पर थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 95/25, धारा 109(1), 309(6), 3(5) बी.एन.एस. और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूर्व में एक आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इस मामले में पहले ही आरोपी अजय यदु उर्फ राजा (31 वर्ष, निवासी साहूपारा, हीरापुर) को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद फरार चल रहे दम्पति प्रियेश यदु और मुस्कान रात्रे की तलाश में पुलिस ने सघन अभियान चलाया।

पुलिस की संयुक्त कार्रवाई


एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना कबीर नगर की संयुक्त टीम ने मुखबिरों और अन्य तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की। उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की गई। इस दौरान सूचना मिली कि आरोपी दम्पति ट्रेन के जरिए फरार होने की फिराक में हैं। जी.आर.पी. रायपुर और आर.पी.एफ. नागपुर के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस ने आरोपियों की जानकारी साझा की। इसके बाद आर.पी.एफ. नागपुर की टीम ने ट्रेन में सघन तलाशी के दौरान प्रियेश यदु और मुस्कान रात्रे को हिरासत में लिया। कबीर नगर पुलिस की एक टीम नागपुर पहुंची और दोनों को रायपुर लाकर गिरफ्तार किया।

आरोपियों का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार महिला आरोपी मुस्कान रात्रे (25 वर्ष) थाना मौदहापारा की कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, और अन्य गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, प्रियेश यदु उर्फ प्रिंस (26 वर्ष) भी थाना कबीर नगर में अपहरण और नारकोटिक एक्ट के मामलों में पहले जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  1. प्रियेश यदु उर्फ प्रिंस (26 वर्ष), निवासी: साहूपारा, हीरापुर, थाना कबीर नगर, हाल पता: सुंदरानी वीडियो वर्ल्ड के पीछे, मौदहापारा, रायपुर।
  2. मुस्कान रात्रे उर्फ यदु (25 वर्ष), निवासी: साहूपारा, हीरापुर, थाना कबीर नगर, हाल पता: सुंदरानी वीडियो वर्ल्ड के पीछे, मौदहापारा, रायपुर।

पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना कबीर नगर के प्रभारी निरीक्षक दीपेश जायसवाल, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के निरीक्षक परेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक मुकेश सोरी, सउनि. प्रेमराज बारिक, प्र.आर. विजय पटेल, दीपक बघेल, सुरेश देशमुख, आर. टीकम साहू, अभिषेक सिंह, सउनि. घनश्याम साहू, आरक्षक मोहसिन खान, दीपक ठाकुर, महिला आरक्षक शारदा ध्रुव, और थाना सिविल लाइन से सउनि. मीना यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा, जी.आर.पी. रायपुर की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, उप पुलिस अधीक्षक एस.एन. अख्तर, उपनिरीक्षक लीलावर सिंह, और आर.पी.एफ. नागपुर की टीम में निरीक्षक सत्येंद्र यादव, उप निरीक्षक अत्तर सिंह, आरक्षक कामसिन ठाकुर, कपिस, और महिला आरक्षक उषा उइके ने अहम योगदान दिया।

पुलिस का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, और मामले की आगे की जांच जारी है।

हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix