
Raipur के आमानाका होटल में युवती से दुष्कर्म, नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी
फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर बनाया भरोसा, आपत्तिजनक वीडियो से करता रहा ब्लैकमेल
रायपुर। राजधानी में एम्स में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से छह लाख रुपये ठगने और दुष्कर्म कर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रितेश चंद्राकर (26) निवासी पांडातराई, कवर्धा के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया से बढ़ी दोस्ती, एम्स में पहुंच का किया दावा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब दो वर्ष पहले युवती से सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क किया था। बातचीत के दौरान उसने खुद को All India Institute of Medical Sciences Raipur में कार्यरत बताया और वहां के अधिकारियों से ऊंची पहुंच होने का दावा किया। उसने युवती को भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी एम्स में लगवा देगा।

किस्तों में वसूले 6 लाख रुपये, दिया फर्जी ज्वाइनिंग लेटर
आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में युवती से करीब छह लाख रुपये ले लिए। युवती ने यह रकम कर्ज लेकर आरोपी को दी थी। विश्वास जमाने के लिए आरोपी ने उसे फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी थमा दिया। जब युवती ज्वाइनिंग लेटर लेकर एम्स पहुंची, तब उसे पता चला कि दस्तावेज फर्जी हैं और उसके साथ ठगी हुई है।
होटल में बुलाकर किया दुष्कर्म, वीडियो से दी धमकी
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे आमानाका स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता रहा और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता रहा।
शिकायत के बाद कवर्धा से गिरफ्तारी
मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। आमानाका थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को कवर्धा से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ ठगी, दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



