
Raipur में कानून व्यवस्था पर सवाल, थाने के भीतर पुलिसकर्मी से मारपीट
रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां असामाजिक तत्वों ने गंज थाना परिसर के भीतर घुसकर एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। हैरानी की बात यह है कि घटना को 10 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इस मामले ने रायपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

22 दिसंबर की शाम की है घटना
घटना 22 दिसंबर की शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। फाफाडीह ट्रैफिक थाने की टीम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में क्रेन लेकर गश्त पर थी। स्टेशन के मुख्य द्वार और एटीएम बूथ के पास बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें अवैध रूप से खड़ी थीं, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।
अवैध पार्किंग हटाने पर भड़की भीड़
आरक्षक मोतीलाल लहरे और उनकी टीम ने जब क्रेन की मदद से अवैध रूप से खड़ी मोटरसाइकिलों को हटाना शुरू किया, तभी 10 से 15 युवकों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। युवकों ने पहले पुलिसकर्मियों से बहस की और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
थाने के भीतर घुसकर की मारपीट
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक गंज थाना परिसर के भीतर तक घुस आए और वहां भी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। थाने के अंदर इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
10 दिन बाद भी खाली हाथ पुलिस
घटना के 10 दिन बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। हालांकि अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से आम जनता में आक्रोश और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



