
Raipur तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप, अतिरिक्त तहसीलदार प्रकाश सोनी के खिलाफ 15 अधिवक्ताओं ने की शिकायत
तहसीलदार पर दलाल के माध्यम से रिश्वत लेने का आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर के तहसील कार्यालय में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार प्रकाश सोनी पर भ्रष्टाचार और पद दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में 15 अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से रायपुर कलेक्टर और एसडीएम को लिखित शिकायत सौंपते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है।
दलाल को केबिन में बैठाकर निपटाते प्रकरण?
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अतिरिक्त तहसीलदार प्रकाश सोनी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एक दलाल मनोज सिंह ठाकुर को अपने निजी केबिन में बुलाते हैं और उसे घंटों तक बैठाते हैं। मनोज सिंह ठाकुर बतौर हल्का पटवारी ग्राम मठपुरैना की श्वेता वैष्णव के पति हैं।

नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन एक ही दिन में!
अधिवक्ताओं का आरोप है कि मनोज सिंह ठाकुर के माध्यम से अतिरिक्त तहसीलदार कथित रूप से रिश्वत लेकर नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और त्रुटि सुधार जैसे महत्वपूर्ण प्रकरणों को बिना वैधानिक प्रक्रिया अपनाए एक ही दिन में निपटा देते हैं। इससे न केवल राजस्व प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, बल्कि आम नागरिकों का काम भी धोखे और पैसों पर निर्भर हो रहा है।
कलेक्टर-एसडीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग
अधिवक्ताओं ने अपनी शिकायत में कहा है कि तहसील कार्यालय में लंबे समय से ऐसे अनियमित कार्य हो रहे हैं, जिनकी जांच आवश्यक है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



