
Raipur: सड़क पर आतिशबाजी और केक काटकर मनाया जन्मदिन
गुढ़ियारी में यातायात बाधित करने वाले पाँच युवक गिरफ्तार
रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में महतारी चौक पर देर रात सार्वजनिक मार्ग पर आतिशबाजी कर और केक काटकर जन्मदिन मनाने का मामला सामने आया। घटना 10 दिसंबर 2025 की रात 12 बजे हुई, जिससे न केवल यातायात बाधित हुआ बल्कि आम नागरिकों और वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आधी रात सड़क पर जमाया जश्न, बाधित हुआ ट्रैफिक
बताया गया कि पांच युवक आधी रात सड़क के बीचोंबीच कार खड़ी कर आतिशबाजी करने लगे और केक काटकर जन्मदिन मनाने लगे। इस दौरान सड़क पर गुजर रहे वाहनों की आवाजाही रुक गई और ट्रैफिक प्रभावित हो गया।

SSP के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेंद सिंह के निर्देश पर गुढ़ियारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने पांचों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 3(5) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 122/177 के तहत अपराध दर्ज किया।
पाँचों आरोपी गिरफ्तार, कार ज़ब्त
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय SDM कोर्ट में पेश किया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मारुति कार क्रमांक CG 04 PW 8880 को भी ज़ब्त किया गया। वाहन को सार्वजनिक स्थान पर खड़ा कर आतिशबाजी एवं अवैध रूप से जश्न मनाने में उपयोग किया गया था, जिसके चलते पुलिस ने BNS की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
गुढ़ियारी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियां न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करती हैं। भविष्य में ऐसी किसी भी हरकत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



