
रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार, 4.50 लाख का डोडा और सामान जब्त
रायपुर, छत्तीसगढ़: रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने राजस्थान के एक अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.252 किलोग्राम डोडा, 1.90 लाख रुपये नकद, तौल मशीन, कार, एक्टिवा और मोबाइल फोन सहित कुल 4.50 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई हीरापुर टाटीबंध स्थित छठ तालाब सूर्य मंदिर के पास की गई। पुलिस ने एक कार को घेराबंदी कर रोका, जिसमें सवार व्यक्ति की पहचान ओमप्रकाश शर्मा उर्फ पप्पू (53 वर्ष), निवासी ग्राम रोजा, जिला झालावाड़, राजस्थान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान कार से 1.252 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ।

तस्कर का कबूलनामा
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह राजस्थान से डोडा लाकर रायपुर में कार और एक्टिवा के जरिए खपतकर्ताओं तक पहुंचाता था। उसके पास मादक पदार्थ के परिवहन या बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने जब्त सामग्री में 1.90 लाख रुपये नकद, तौल मशीन, कार (क्रमांक RJ17 CA 8552), एक्टिवा (CG07 AE 5469) और एक मोबाइल फोन शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 216/25, धारा 15 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, तस्करी के नेटवर्क की गहराई तक पहुंचने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का नेतृत्व
इस कार्रवाई का नेतृत्व एएसपी (पश्चिम) डी.आर. पोर्ते, एएसपी (क्राइम) संदीप मित्तल, सीएसपी अमन कुमार झा, डीएसपी संजय सिंह, निरीक्षक सुनील दास और प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय ने किया। पुलिस टीम में राजेन्द्र कंवर, फूलचंद भगत, वीरेंद्र भार्गव, जसवंत सोनी, मार्तंड सिंह, मुनीर रजा, लक्ष्मीनारायण साहू, हरजीत सिंह, अजय चौधरी, किसलय मिश्रा, विकास शर्मा, श्याम थावरे, दीपक पांडेय, आशीष शुक्ला और गुलशन चौबे शामिल थे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



