
कार सवार युवतियों से छेड़खानी, एक आरोपी गिरफ्तार
चांदमारी रोड पर फिल्मी अंदाज में की हरकत, 4 आरोपी फरार
रायगढ़। शहर के चांदमारी रोड पर कार सवार दो युवतियों के साथ छेड़खानी की गंभीर घटना में महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG13 AW 2410 को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य चार आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी पुलिस सघन तलाश कर रही है।
दवाई लेने निकली थीं युवतियां, रास्ते में हुई वारदात
महिला थाना में 10 फरवरी को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 9 फरवरी की रात करीब 11 बजे युवती अपनी ममेरी बहन के साथ कार से दवाई लेने रायगढ़ जा रही थीं। चांदमारी रोड पर उन्होंने कार रोककर आवारा कुत्तों को बिस्किट खिलाना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से नीले रंग की ग्रैंड विटारा कार में सवार पांच युवक पहुंचे और अशोभनीय टिप्पणियां व गंदे इशारे करने लगे।

ओवरटेक कर रास्ता रोका, नाम बताकर की बदसलूकी
युवतियां वहां से निकल गईं, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते हुए रियापारा तिराहा चौक तक पहुंचे। आरोपियों ने उनकी कार को ओवरटेक कर सामने गाड़ी अड़ा दी। एक युवक कार से उतरकर अशोभनीय हरकत करते हुए अपना नाम प्रदीप पटेल बताया, जबकि अन्य साथी भी लगातार अश्लील टिप्पणियां करते रहे।
महिला थाना में अपराध दर्ज, त्वरित दबिश
घटना की रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 धारा 78(2), 126(2), 79, 75(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस लाइन और कोतवाली थाना स्टाफ के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दी।
घर के सामने मिली कार, चालक गिरफ्तार
जांच के दौरान ग्रैंड विटारा कार ढिमरापुर स्थित प्रदीप पटेल के घर के सामने खड़ी मिली, लेकिन वह फरार था। आगे की जांच में पता चला कि घटना के दिन वाहन नरेन्द्र महावर चला रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चार अन्य आरोपियों के नाम उजागर
पूछताछ में नरेन्द्र महावर ने स्वीकार किया कि उसने प्रदीप पटेल, कमलेश यादव, राहुल गुप्ता और संगम त्रिपाठी (निवासी सतीगुड़ी चौक, रायगढ़) के साथ मिलकर युवतियों का पीछा कर रास्ता रोककर छेड़खानी की थी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



