
रायपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 1985 किलो पनीर और एनालॉग चीज जब्त
रायपुर, 22 जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। राज्य शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की दो अलग-अलग टीमों ने रायपुर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर छापेमारी कर कुल 1985 किलोग्राम पनीर और एनालॉग चीज जब्त किया। जब्त किए गए खाद्य पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 4.33 लाख रुपये बताई जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर 1535 किलो पनीर जब्त
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों सिद्धार्थ पांडे, एहसान तिग्गा और सतीश राज की संयुक्त टीम ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर छापेमारी की। इस दौरान 1535 किलोग्राम पनीर का स्टॉक बरामद किया गया, जिसका बाजार मूल्य लगभग 3,34,552 रुपये है। कार्रवाई के दौरान श्री डेयरी एंड स्वीट्स, बोरिया खुर्द, रायपुर के प्रोपराइटर सौरभ शर्मा मौके पर उपस्थित थे। अधिकारियों ने उनके माध्यम से लूज़ पनीर, पैक्ड “फ्रेश मिल्क मैजिक मलाई पनीर” और “सुधा अमृत पनीर” के विधिक नमूने एकत्र किए। जब्त किए गए पनीर को श्री डेयरी एंड स्वीट्स के परिसर में सौरभ शर्मा की अभिरक्षा में रखकर नियमानुसार सील कर दिया गया।

बस स्टैंड पर 450 किलो एनालॉग चीज बरामद
दूसरी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों साधना चंद्राकर, रोशनी राजपूत और संतोष कुमार ध्रुव की टीम ने रायपुर बस स्टैंड पर छापा मारा। इस दौरान 450 किलोग्राम एनालॉग चीज जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 99,000 रुपये है। कार्रवाई के दौरान गोपी डेयरी एंड स्वीट्स, बोरिया खुर्द के प्रोपराइटर गोपी चंद चावला, श्री बालाजी इंटरप्राइजेज के मालिक आशीष जायसवाल और मदन डेयरी के प्रोपराइटर मदन कुमार अग्रवाल मौजूद थे। अधिकारियों ने इनके माध्यम से एनालॉग चीज के विधिक नमूने संग्रहित किए। जब्त सामग्री को गोपी डेयरी एंड स्वीट्स, श्री बालाजी इंटरप्राइजेज और मदन डेयरी के परिसरों में प्रोपराइटरों की अभिरक्षा में रखकर सील कर दिया गया।
खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कदम
यह कार्रवाई खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य शासन के प्रयासों का हिस्सा है। जब्त किए गए नमूनों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



