
Raipur में सराफा कारोबारी से 2 करोड़ की बड़ी ठगी: तंजानिया गोल्ड माइंस में निवेश का झांसा देकर उड़ाए पैसे
रायपुर (छत्तीसगढ़): रायपुर के सराफा बाजार में एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। शहर के दो कारोबारियों को तंजानिया स्थित कथित गोल्ड माइंस में निवेश कर कई गुना मुनाफे का लालच देकर 2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ठग ली गई। आरोपी ने फर्जी दस्तावेज दिखाकर पीड़ितों को तंजानिया भी बुलाया और वहां कथित माइंस दिखाईं, जो बाद में पूरी तरह फर्जी साबित हुईं।
फर्जी कंपनी बनाकर की गई ठगी
पीड़ितों की शिकायत के अनुसार, आरोपी यश शाह नामक युवक ने खुद को तंजानिया की गोल्ड माइंस का संचालक बताया। उसने एमकेएम नामक माइंस के फर्जी कागजात दिखाए और निवेश पर भारी लाभ का वादा किया। ठगी को अंजाम देने के लिए एस.के.एम. बुलियन ट्रेडिंग लिमिटेड नाम से एक भागीदारी फर्म बनाई गई। इसी फर्म के जरिए भारत और तंजानिया के बैंक खातों में 2 करोड़ रुपये से अधिक की रकम ट्रांसफर कराई गई।

तंजानिया बुलाकर दिखाई फर्जी खदान
पीड़ितों समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा को आरोपी ने तंजानिया ले जाकर कथित गोल्ड माइंस दिखाईं। वहां सब कुछ असली लग रहा था, लेकिन वापस आने के बाद जांच में पता चला कि पूरी खदान और दस्तावेज फर्जी थे। कारोबारियों को जब मुनाफा नहीं मिला और संपर्क टूट गया, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
सिविल लाइन थाने में दर्ज हुई एफआईआर, जांच जारी
पीड़ित समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा ने रायपुर के सिविल लाइन थाना में यश शाह के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में बैंक ट्रांजेक्शन, फर्जी दस्तावेजों और तंजानिया यात्रा के सबूतों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



