
रायपुर में हत्या के फरार आरोपी रिंकू अठवानी गिरफ्तार
रायपुर। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी रिंकू अठवानी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
हत्या का सनसनीखेज मामला
प्रार्थिया श्रीमती सौम्या अठवानी, निवासी दीपक कॉलोनी, न्यू राजेंद्र नगर, ने 21 जून 2025 को थाने में शिकायत दर्ज की। उन्होंने बताया कि उनकी बहन इशिता अठवानी, जिसने 2019 में रिंकू अठवानी से प्रेम विवाह किया था, की पांच वर्षीय बेटी जिया अठवानी है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ है और बातचीत नहीं कर पाती। बेटी की बीमारी को लेकर रिंकू अपनी पत्नी इशिता के साथ अक्सर झगड़ा करता था। 21 जून 2025 को सुबह करीब 9 बजे इशिता की सास नेहा अठवानी ने सौम्या को बताया कि रिंकू और इशिता के बीच उनके कमरे में झगड़ा हो रहा है।
खून से लथपथ मिली इशिता
सौम्या जब इशिता के कमरे में पहुंची तो देखा कि रिंकू खून से सने कपड़ों में कमरे से निकल रहा था। कमरे के अंदर इशिता खून से लथपथ पड़ी थी। इशिता ने बताया कि रिंकू ने धारदार हथियार से उस पर हमला किया, जिससे उसके गले, पेट और दाहिनी भुजा में गंभीर चोटें आईं। इशिता को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 128/2025 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.आर. पोर्ते, नगर पुलिस अधीक्षक पुरानी बस्ती राजेश देवांगन और थाना प्रभारी न्यू राजेंद्र नगर प्रमोद सिंह को आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की टीम ने मुखबिरों की मदद और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रिंकू अठवानी की मौजूदगी का पता लगाया। पूछताछ में रिंकू ने हत्या की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की।
आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने रिंकू अठवानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्यवाही में थाना न्यू राजेंद्र नगर के निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, उप निरीक्षक लखेश गंगेश, आरक्षक विजय भास्कर, गुरूचरण प्रधान और तिवारी प्रसाद खुंटे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



