
Raipur पुलिस ने बरामद किए 20 लाख रुपये की कीमत के 100 गुमशुदा मोबाइल फोन, स्वामियों को सौंपे
आवेदकों के गुमशुदा 100 मोबाइल फोन बरामद
रायपुर पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत गुम हुए 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये है।

देश के विभिन्न राज्यों से बरामद किए गए मोबाइल
पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इन मोबाइल फोनों को देश के विभिन्न हिस्सों से बरामद किया। इनमें उत्तर प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार जैसे राज्य शामिल हैं।

वर्ष 2025 में अब तक 650 मोबाइल फोन लौटाए गए
रायपुर पुलिस ने इस वर्ष अब तक 1 करोड़ 30 लाख रुपये की कीमत के कुल 650 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वापस किए हैं। यह उपलब्धि पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता को दर्शाती है।

विशेष अभियान के तहत बरामदगी
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने यह विशेष अभियान चलाया। गुम मोबाइल फोनों के आवेदनों के आधार पर तकनीकी विश्लेषण और समन्वय के जरिए इन फोनों को बरामद किया गया। कुछ मामलों में, मोबाइल धारकों ने स्वयं कुरियर के माध्यम से फोन वापस किए, जबकि अन्य को पुलिस ने विभिन्न राज्यों से मंगवाया।
साइबर अपराध से बचाव की अपील
रायपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने पर तत्काल www.ceir.gov.in पोर्टल पर जानकारी दर्ज करें और नजदीकी थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। इससे मोबाइल फोन का दुरुपयोग और साइबर अपराध रोका जा सकता है। साथ ही, मोबाइल फोन को हमेशा पासवर्ड प्रोटेक्टेड रखने की सलाह दी गई है।
लावारिस मोबाइल जमा करने वालों को सम्मान
रायपुर पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को लावारिस या अन्य स्थिति में कोई मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे तत्काल साइबर सेल, सिविल लाइंस, रायपुर में जमा करें। ऐसे व्यक्तियों को रायपुर पुलिस द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



