
Bilaspur: स्टेट GST की बड़ी कार्रवाई, कोल कारोबारियों पर शिकंजा
बिलासपुर में तीन कंपनियों पर छापा, 27 करोड़ रुपये की जीएसटी राशि सरेंडर
रायपुर। छत्तीसगढ़ में टैक्स चोरी के खिलाफ स्टेट जीएसटी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने बिलासपुर में तीन प्रमुख कोल कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमार कार्रवाई करते हुए भारी अनियमितताओं का खुलासा किया है। इस दौरान कारोबारियों ने लगभग 27 करोड़ रुपये की जीएसटी राशि सरेंडर की है, जिसे विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिन कंपनियों पर कार्रवाई की गई है, उनमें महावीर कोल वाशरी, फिल कोल बेनिफिकेशन प्राइवेट लिमिटेड और पारस पावर एंड कोल बेनिफिकेशन लिमिटेड शामिल हैं। स्टेट जीएसटी विभाग की टीम ने इन तीनों कंपनियों के परिसरों पर एक साथ दबिश दी और लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड, इनवॉयस, ई-वे बिल और बैंकिंग दस्तावेजों की गहन पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर जीएसटी अनियमितताओं के संकेत मिले हैं, जिसके बाद कारोबारियों ने करोड़ों रुपये की टैक्स राशि सरेंडर की।
सूत्रों के मुताबिक, जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में जीएसटी चोरी की राशि और बढ़ सकती है। स्टेट जीएसटी विभाग ने स्पष्ट किया है कि टैक्स चोरी के मामलों में सख्ती बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



