
GST चोरी पर बड़ी कार्रवाई, कोरबा और रायपुर में कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर छापे
रायपुर। छत्तीसगढ़ में वस्तु एवं सेवा कर (GST) चोरी के मामलों को लेकर स्टेट GST विभाग की सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। हाल ही में बिलासपुर में तीन बड़े कोयला कारोबारियों के यहां छापेमार कार्रवाई के बाद अब विभाग ने अपनी जांच का दायरा और विस्तृत कर दिया है।
एक साथ कई ठिकानों पर दबिश
इसी क्रम में आज स्टेट GST की टीम ने कोरबा जिले में दो बड़े कोयला कारोबारियों और राजधानी रायपुर में एक बड़े कोयला कारोबारी के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखते हुए अलग-अलग टीमों ने एक साथ छापेमारी की, ताकि किसी भी प्रकार के साक्ष्य नष्ट न किए जा सकें।
दस्तावेजों की गहन जांच
छापेमारी के दौरान कारोबारियों के कार्यालय, गोदाम और अन्य व्यावसायिक परिसरों में मौजूद दस्तावेजों, बिलों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। GST विभाग की टीम टैक्स चोरी, फर्जी इनवॉइस और संदिग्ध लेन-देन के बिंदुओं पर विशेष ध्यान दे रही है

बिलासपुर कार्रवाई के बाद बढ़ी सख्ती
गौरतलब है कि इससे पहले बिलासपुर में हुई बड़ी कार्रवाई में करोड़ों रुपये की GST चोरी से जुड़े अहम सुराग मिले थे। उसी के आधार पर विभाग ने अन्य जिलों में भी जांच तेज कर दी है।
कई अहम खुलासों की संभावना
सूत्रों के मुताबिक, इस छापेमारी में GST चोरी से जुड़े कई अहम दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड सामने आ सकते हैं। जांच पूरी होने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



