
Raipur में गांजा तस्करी का भंडाफोड़
अंतर्राज्यीय महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार, 10 किलो गांजा जब्त
रायपुर, 18 फरवरी 2026। रायपुर कमिश्नरेट के अंतर्गत एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नेटवर्क से जुड़ी दो महिला आरोपियों को 10 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
संयुक्त मॉनिटरिंग में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप कुमार पटेल के संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना पर त्वरित घेराबंदी की।

रावणभाठा मैदान के पास पकड़ी गईं आरोपी
17 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान के पास दो महिलाएं गांजा रखकर बिक्री की फिराक में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को चिन्हांकित कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके बैग से 10 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
आरोपी महिलाओं की पहचान
पूछताछ में गिरफ्तार महिलाओं ने अपने नाम इस प्रकार बताए—
- खिलेश्वरी वर्मा (उम्र 18 वर्ष 3 माह) निवासी भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर।
- इसरत बानो (उम्र 21 वर्ष) निवासी शहडोल, थाना सोहागपुर, जिला शहडोल, मध्य प्रदेश।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 137/26 के तहत धारा 20बी नारकोटिक एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस द्वारा गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई की बात कही गई है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



