
Raipur में ‘डिजिटल अरेस्ट’ का झांसा, अधेड़ से 17 लाख की ठगी
मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर ठगों ने कराया ट्रांसफर
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर एक अधेड़ व्यक्ति से 17.15 लाख रुपये ठग लिए। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित ने देर रात शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार वार्ड 54 मोती नगर निवासी 55 वर्षीय शरद कुमार तिवारी को 15 फरवरी की सुबह करीब 10:30 बजे एक अज्ञात नंबर 9356675181 से कॉल आया। कॉलर ने खुद को अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग में संलिप्त होने का आरोप लगाया और गिरफ्तारी से बचने के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया।

‘डिजिटली अरेस्ट’ बताकर बनाया मानसिक दबाव
आरोपी ने शरद कुमार को ‘डिजिटल अरेस्ट’ में होने की बात कहकर डराया और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए तत्काल रकम एक बताए गए बैंक खाते में जमा कराने को कहा। घबराए पीड़ित ने 17,15,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
घटना के बाद जब उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने रात करीब 1:35 बजे टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
साइबर सेल की मदद से जांच शुरू
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318-4, 319-2 और 340-2 के तहत अपराध दर्ज किया है। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान और रकम की रिकवरी के प्रयास किए जा रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



