March 4, 2026
Raipur में धर्मांतरण पर बवाल: मसीही समाज के लोगों से मारपीट, 3 हिरासत में

Raipur में धर्मांतरण पर बवाल: मसीही समाज के लोगों से मारपीट, 3 हिरासत में

Aug 10, 2025

हिंदू संगठन और मोहल्लेवासियों में आरोप-प्रत्यारोप

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार सुबह धर्मांतरण-मतांतरण को लेकर सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कुकुर बेड़ा में तनाव फैल गया। हिंदू संगठनों ने एक मकान का घेराव कर मसीही समाज के लोगों पर प्रार्थना सभा की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया।

घटनास्थल से हिरासत में लिए गए युवकों को सरस्वती नगर थाने लाया गया, जहां हिंदू संगठन और मोहल्लेवासियों ने उनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर पीड़ितों को भीड़ से छुड़ाया और मारपीट करने वालों पर FIR दर्ज करने की बात कही।

हिंदू संगठन का दावा

हिंदू संगठन ने मारपीट के आरोप से इनकार किया। उनका कहना है कि युवक भागने की कोशिश कर रहे थे, जिस कारण मोहल्लेवासियों ने उन्हें पकड़ा और पीटा। आरोप है कि मकान में इष्ट देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं और पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था।

कैसे भड़का विवाद

रविवार सुबह मोहल्लेवासियों ने हिंदू संगठनों को सूचना दी कि एक मकान में 30-35 लोग इकट्ठा होकर पैसे देकर धर्म परिवर्तन कर रहे हैं। सूचना पर हिंदू संगठन के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू हो गया। पुलिस को सूचना मिलने पर तीन थानों की फोर्स तैनात की गई।

स्थानीय लोगों के बयान

मोहल्ले के निवासी अजय नेताम ने बताया कि उनका भतीजा कई सालों से हिंदू धर्म छोड़कर यीशु की पूजा कर रहा है। देर रात तक गाना-बजाना चलता था और अनजान लोग आकर उनके भतीजे का ब्रेनवॉश करते थे। वहीं, 12वीं की एक छात्रा ने दावा किया कि बच्चों को 3,300 रुपये देकर यीशु की पूजा के लिए कहा जाता था, और उसे भी कई बार पैसों का लालच दिया गया।

पुलिस की कार्रवाई

ASP दौलत राम ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। हिरासत में लिए गए लोगों को सुरक्षित रखा गया है। मारपीट और धर्म परिवर्तन के मामलों में बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जांच जारी है।

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ वर्षों से धर्मांतरण को लेकर हिंदू और ईसाई समाज में लगातार टकराव हो रहे हैं। 25 जुलाई को दुर्ग रेलवे स्टेशन से 2 मिशनरी सिस्टर्स की गिरफ्तारी का मामला संसद तक पहुंचा था। आंकड़ों के अनुसार, 2021 से अब तक राज्य में ऐसे 102 टकराव दर्ज हुए हैं, जिनमें 44 FIR हुई हैं।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix