
Raipur: फेक फेसबुक आईडी बनाकर मार्कफेड के पूर्व एमडी के नाम से दुष्प्रचार, साइबर सेल ने शुरू की जांच
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर अपराध की एक नई वारदात सामने आई है। अज्ञात व्यक्ति ने मार्कफेड के पूर्व एमडी मनोज सोनी के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेक फेसबुक अकाउंट बनाया और उनके खिलाफ भ्रामक व विवादास्पद पोस्ट्स शेयर किए। इस मामले में मनोज सोनी की शिकायत पर रायपुर साइबर ब्रांच ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सी-ट्रेस सॉफ्टवेयर की मदद से आरोपी की लोकेशन, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी ट्रेस करने में जुटी है।

फेक अकाउंट से व्यक्तिगत जीवन और शिक्षा पर झूठे दावे
आरोपी ने ‘वैभव सिन्हा’ नाम से फेक फेसबुक अकाउंट बनाया, जिसमें मनोज सोनी की फोटो और नाम का दुरुपयोग किया गया। इस अकाउंट से मनोज सोनी की शिक्षा के बारे में गलत जानकारी फैलाई गई, जैसे कि उन्होंने रविशंकर यूनिवर्सिटी रायपुर से ग्रेजुएशन और दिल्ली यूनिवर्सिटी से एम.कॉम किया है। साथ ही, उनके निजी जीवन पर झूठे आरोप लगाए गए, जैसे 2023 में शादी होना। अकाउंट पर कुल 7 पोस्ट्स थे, जिनमें से तीन में मनोज सोनी की फोटो इस्तेमाल की गई। यह अकाउंट फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर लोगों को भ्रमित कर रहा था और समाज में कन्फ्यूजन पैदा करने की साजिश रच रहा था।
मनोज सोनी की शिकायत, एफआईआर दर्ज
मार्कफेड के पूर्व एमडी मनोज सोनी ने रायपुर साइबर ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा, “मैंने कभी सोशल मीडिया पर कोई विवादास्पद पोस्ट नहीं की है। किसी ने जानबूझकर मेरा नाम और तस्वीर इस्तेमाल कर अफवाहें फैलाने की कोशिश की है।” मनोज सोनी इंजीनियरिंग कॉलेज ग्रेजुएट हैं, जिन्होंने यूपीएससी पास कर इंडियन टेलीकॉम सर्विसेज (आईटीएस) में सेवा दी। वह 50 वर्ष से अधिक आयु के हैं और उनके बच्चे हायर सेकेंडरी में पढ़ रहे हैं। शिकायत मिलते ही साइबर पुलिस ने आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं 66सी और 66डी के तहत एफआईआर दर्ज की, जिसमें 3 से 7 साल की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
साइबर पुलिस की तकनीकी जांच, फेसबुक से मदद
रायपुर साइबर ब्रांच ने जांच के लिए सी-ट्रेस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल शुरू कर दिया है, जो आरोपी के आईपी एड्रेस, लोकेशन और डिवाइस डिटेल्स ट्रेस करेगा। पुलिस ने फेसबुक से तकनीकी सहायता मांगी है ताकि अकाउंट ऑपरेटर की असली पहचान पता चल सके। अकाउंट 2023 से सक्रिय था, जिसमें 270 फ्रेंड्स थे, लेकिन म्यूचुअल फ्रेंड्स केवल 23 रह गए। पुलिस का मानना है कि यह सुनियोजित साजिश है, जो मनोज सोनी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए रची गई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



