
Raipur: फ्लैट में चोरी के दौरान बालकनी से गिरा युवक, मौके पर ही मौत
डाल्फील प्लाजा में सनसनीखेज घटना
रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र के दलदल सिवनी स्थित डाल्फील प्लाजा में चोरी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक अज्ञात युवक फ्लैट में चोरी करने के इरादे से घुसा, लेकिन भागने के दौरान बालकनी से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मकान मालिक दंपती थे बाहर
बी-ब्लॉक, मकान नंबर 301 निवासी संदीप, जो रियल इस्पात कंपनी में सेल्स हेड हैं, ने बताया कि 15 नवंबर की रात वह अपनी पत्नी के साथ घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात युवक ने उनके फ्लैट में घुसकर कमरे में रखे बैग से 81 हजार रुपये नकद और एक अमेजन एलेक्सा डॉट स्पीकर चोरी कर लिया।
भागते समय हुआ हादसा
चोरी के बाद युवक जब मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह बालकनी से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रात में मिली सूचना, घर लौटे तो दिखा मंजर
रात करीब 1:15 बजे संदीप को घटना की सूचना मिली। जब वे घर लौटे तो देखा कि अपार्टमेंट के नीचे लोगों की भीड़ जमा थी। नीचे युवक का शव पड़ा हुआ था, जिसे देखकर वे भी स्तब्ध रह गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अज्ञात युवक की पहचान करने के साथ ही चोरी और हादसे के पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में इसे चोरी के दौरान हुआ हादसा माना जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



