
रायपुर में चोर गिरोह पकड़ा गया: महाराष्ट्र के दो चोरों ने फ्लैटों को बनाया निशाना, 6.20 लाख का माल जब्त
रायपुर पुलिस ने आधा दर्जन फ्लैटों में चोरी करने वाले महाराष्ट्र के दो अंतर्राज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आमानाका, कबीर नगर, और न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्रों में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने अम्बिकापुर से दोनों आरोपियों को धर दबोचा और उनके कब्जे से करीब 6.20 लाख रुपये कीमत के चोरी के जेवरात, मोबाइल फोन, और अन्य सामान बरामद किया है।
फ्लैटों को बनाया निशाना
रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में फ्लैटों में चोरी की कई शिकायतें सामने आई थीं। थाना आमानाका में पगाटिका कलवा वेकेंटश्वरलु ने 3 अगस्त को शिकायत दर्ज की कि उनके सटर्लिंग होम सरोवर पोर्टीको के पास स्थित घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। इसी तरह, कबीर नगर में लोकनाथ देवांगन ने 2-3 अगस्त की रात को अपने घर में चोरी की शिकायत की, जहां आलमारी से जेवरात और नकदी गायब थी। न्यू राजेंद्र नगर में भावना यदु और अनिश कुमार ने भी अपने फ्लैटों में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज की।
एक ही तरीके से दी वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में पता चला कि सभी चोरी की घटनाओं में एक ही तरीका अपनाया गया था। अज्ञात चोर फ्लैटों को निशाना बनाकर ताला तोड़ते और आलमारी में रखे जेवरात व कीमती सामान चुरा लेते।

पुलिस ने इसे बाहरी गिरोह की करतूत मानकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें अम्बिकापुर में पकड़ लिया।
महाराष्ट्र के चोर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद सन्नी गौर (22) और रेयान उर्फ अमन फैय्याज शेख (20), दोनों महाराष्ट्र निवासी, के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदातों को कबूल किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 36 ग्राम सोने के जेवरात, 843 ग्राम चांदी के जेवरात, 9 हाथ घड़ियां, एक आईफोन, और तीन मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 6.20 लाख रुपये है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम डी.आर.पार्ते, क्राइम संदीप मित्तल, और अन्य अधिकारियों ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें अम्बिकापुर से गिरफ्तार किया गया। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी आमानाका सुधांशु बघेल, एंटी क्राइम यूनिट प्रभारी परेश कुमार पाण्डेय, और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



