
Raipur में चाकूबाजी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं, एक की मौत, दो गंभीर घायल
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। छोटी-छोटी बातों पर हो रही इन वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। रविवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी की घटनाओं ने सनसनी फैला दी। इनमें तीन लोग घायल हुए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे मामले में तीन अज्ञात युवकों की तलाश जारी है।

खम्हारडीह थाना क्षेत्र: बाइक पर साथ चलने से इनकार पर भाइयों पर चाकू से हमला
पहला मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। यहां आरोपी कृष्णा देवर उर्फ टोडू ने दो सगे भाइयों विवेक टांडी और सुमित टांडी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। विवाद की वजह बाइक पर साथ चलने से इनकार करना बताया जा रहा है। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्भाग्यवश, विवेक टांडी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्र में इस घटना से दहशत फैल गई।
विधानसभा थाना क्षेत्र: बाइक सवार तीन युवकों ने किया हमला
दूसरा मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है। यहां जारोंदा निवासी सत्यपाल सिंह कंवर पर बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। सत्यपाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने भी इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



