
Raipur: रिंग रोड पर तेज रफ्तार ऑडी कार का भीषण हादसा, चालक गंभीर रूप से घायल
ओवरब्रिज पर डिवाइडर पोल से टकराई कार, इंजन फटने से सड़क पर फैला तेल
रायपुर। राजधानी रायपुर में बीती रात रिंग रोड नंबर-2 पर एक तेज रफ्तार ऑडी कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना राजेंद्र नगर के पास स्थित ओवरब्रिज पर हुई, जहां अनियंत्रित ऑडी कार डिवाइडर के पोल से जा टकराई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

कमर और पैरों में आई गंभीर चोटें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन फट गया और इंजन का पूरा बोनट हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। घायल चालक को कमर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सड़क पर फैला तेल, कई राहगीर फिसलकर गिरे
हादसे के बाद कार से भारी मात्रा में तेल सड़क पर फैल गया, जिससे वहां से गुजर रहे कुछ राहगीर फिसलकर गिर पड़े। इससे कुछ देर के लिए ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच जारी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर सड़क से तेल साफ कराया गया। क्षतिग्रस्त ऑडी कार का रजिस्ट्रेशन नंबर सीजी 04 क्यूं 4411 बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



