
Raipur : जमीन सौदे के नाम पर बैंककर्मी से 20 लाख की ठगी, दो सगी बहनों पर FIR
बैरन बाजार की जमीन को लेकर हुआ सौदा
राजधानी रायपुर में जमीन बेचने के नाम पर एक बैंककर्मी से 20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि बैरन बाजार स्थित भूखंड को बेचने का सौदा कर सगी बहनों ने एडवांस रकम ले ली, लेकिन तय समय पर रजिस्ट्री नहीं कराई।
पीड़ित बैंककर्मी ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित का नाम विजय पटेल (44) है, जो स्टेट बैंक कॉलोनी, फाफाडीह रायपुर के निवासी और बैंककर्मी हैं। आरोपियों की पहचान बैरन बाजार निवासी शहनाज खान और शफिका खान के रूप में हुई है। विजय पटेल के अनुसार दोनों बहनों से जमीन खरीदने का एग्रीमेंट किया गया था।

1.40 करोड़ में तय हुई थी जमीन की कीमत
शिकायत के मुताबिक, बैरन बाजार रायपुर स्थित भूखंड क्रमांक 16/05 और 18/05 (कुल रकबा 2604 वर्गफुट) को 1 करोड़ 40 लाख रुपए में बेचने का सौदा तय हुआ था। इस एग्रीमेंट के तहत 18 जुलाई 2025 को 20 लाख रुपए बयाना राशि दी गई थी।
15 लाख नकद और 5 लाख चेक से दिया बयाना
पीड़ित ने बताया कि बयाना राशि में 15 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपए चेक के माध्यम से दिए गए। एग्रीमेंट में स्पष्ट रूप से तीन महीने के भीतर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य था।
समय सीमा बीतने के बाद भी नहीं हुई रजिस्ट्री
तय समय सीमा पूरी होने के बावजूद आरोपियों ने रजिस्ट्री नहीं कराई। पीड़ित लगातार उनसे संपर्क करता रहा, लेकिन हर बार किसी न किसी बहाने से उसे टाल दिया गया।
कोतवाली पुलिस कर रही जांच
लगातार टालमटोल और रकम वापस न मिलने पर विजय पटेल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



