
Raipur: ड्राई-डे पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब जब्त
तिल्दा–खरोरा क्षेत्र में छापेमारी, दो आरोपी गिरफ्तार
गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर घोषित ड्राई-डे के दौरान रायपुर जिले के तिल्दा–खरोरा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में शराब तस्करों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी मात्रा में देशी शराब जब्त की गई है।
सरारीडीह और देवगांव में मारे गए छापे
आबकारी विभाग की टीम ने थाना तिल्दा अंतर्गत ग्राम सरारीडीह में छापा मारकर एक महिला आरोपी के घर से 76 पाव देशी शराब बरामद की। वहीं थाना खरोरा क्षेत्र के ग्राम देवगांव में एक अन्य आरोपी के घर से 48 पाव देशी शराब जब्त की गई।

22.32 लीटर देशी मदिरा जब्त
दोनों स्थानों से कुल 22.32 लीटर बल्क देशी मदिरा आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में ली है। ड्राई-डे के दौरान शराब का अवैध भंडारण और बिक्री पाए जाने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई की।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
आबकारी अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



