
हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू सहित 4 गिरफ्तार, 13 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
पुलिस कमिश्नरेट के विशेष अभियान में बड़ी सफलता
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में डीसीपी क्राइम एवं सायबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त रणनीति से कालीबाड़ी-नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय संगठित नशा तस्करी नेटवर्क को निर्णायक रूप से ध्वस्त कर दिया गया है। इस कार्रवाई में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें मुख्य सरगना मुकेश बनिया और उसका भाई संजू शामिल हैं। पुलिस ने 13 किलो से अधिक गांजा, नशीली गोलियां और हथियार बरामद किए हैं।
24 फरवरी को फुटकर विक्रेताओं की गिरफ्तारी से खुला नेटवर्क
24 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने नेहरू नगर नरैय्या तालाब क्षेत्र में अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा की फुटकर बिक्री करते हुए पकड़ा। पूछताछ में मिले मेमोरेंडम कथनों के आधार पर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास एक हाइडआउट पर दबिश दी गई। वहां से 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग के लिए भारी मात्रा में प्लास्टिक झिल्ली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद हुए। यह हाइडआउट आधुनिक तकनीक से लैस था, जो पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए बनाया गया था। आरोपी अब्दुल जाफर के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट शामिल हैं।

25-26 फरवरी की मध्यरात्रि दबिश: मुख्य सरगना मुकेश बनिया गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में दबिश दी। सूचना को रोजनामचे में दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। दबिश में कुख्यात सरगना मुकेश बनिया और उसका भाई संजू पकड़े गए। तलाशी में उनके कब्जे से 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 2400 नग अल्प्राजोलम (नशीली गोलियां) और मोबाइल फोन बरामद हुए। मुकेश बनिया लंबे समय से फरार था और खुद को माफिया बताकर क्षेत्र में दहशत फैलाए हुए था। उसके खिलाफ 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, गुंडागर्दी, बलवा, मारपीट, अवैध शराब बिक्री और एनडीपीएस एक्ट शामिल हैं। संजू के खिलाफ भी 15 से अधिक मामले हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



