
Raipur एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, यात्री की मौत
उड़ान के दौरान बिगड़ी तबीयत, पायलट ने लिया बड़ा निर्णय
रायपुर। रायपुर एयरपोर्ट पर मंगलवार को एक इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई, जब विमान में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 347 (सिलीगुड़ी-हैदराबाद) में यात्रा कर रहे 37 वर्षीय अमित सिन्हा की विमान में मृत्यु हो गई। वे लिवर संबंधी बीमारी के इलाज के लिए यात्रा कर रहे थे।

दार्जलिंग से उड़ी फ्लाइट, रायपुर में किया गया लैंड
जानकारी के अनुसार फ्लाइट दार्जलिंग से सुबह 11:50 बजे रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान अमित सिन्हा की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद पायलट ने सुरक्षा को देखते हुए तुरंत रायपुर एयरपोर्ट पर विमान उतारने का निर्णय लिया। फ्लाइट दोपहर 01:20 बजे रायपुर पहुंची।
मर्चुरी में रखा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम ने जांच की, जहां डॉक्टरों ने अमित सिन्हा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को एयरपोर्ट मर्चुरी में रखवाया गया। माना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
दोबारा रवाना हुई फ्लाइट
यात्री का शव उतारने के बाद फ्लाइट दोपहर 03:32 बजे रायपुर से हैदराबाद के लिए रवाना हुई। घटना के बाद एयरपोर्ट और एयरलाइन अधिकारियों ने यात्रियों को स्थिति से अवगत कराया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



